
फोटो- रविवार को पलवल के औरंगाबाद में आयोजित विशाल 52 पाल/खाप कथा एवं भंडारा कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र हुड्डा, साथ हैं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष उदयभान, प्रदेश प्रवक्ता सुमित गौड व तिगांव के प्रत्याशी रोहित नागर।
औरंगाबाद में सम्राट वीर शिरोमणी महाराजा पृथ्वीराज चौहान की अष्टधातु प्रतिमा एवं भव्य द्वार अनावरण, सत्ता पक्ष-विपक्ष के नेताओं का लगा जमावडा
देशपाल सौरोत/ब्यूरो रिपोर्ट
पलवल, 12 अक्टूबर। रविवार को पलवल जिला के गांव औरंगाबाद में भारत की वीरता, स्वाभिमान और संस्कृति के प्रतीक महान सम्राट वीर शिरोमणी महाराजा पृथ्वीराज चौहान की अष्टधातु प्रतिमा एवं द्वार का अनावरण किया। इस उपलक्ष्य में गांव में 52 पाल कथा एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया भी किया गया, जिसमें सत्तारूढ दल भाजपा के अलावा विपक्षी कांग्रेस, इनैलो, जजपा व आप आदि राजनैतिक दलों के बडे नेताओं के अलावा जिला स्तर के नेताओं व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढकर भाग लिया।
कौन-कौन बडे नेता रहे मुख्यरूप से मौजूद
इस आयोजन में कांग्रेस पार्टी की ओर से जहां हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष उदयभान, पूर्व मंत्री करण दलाल, पृथला के विधायक रघुबीर तेवतिया, हथीन विधायक मो.इजराइल, नूंह के विधायक आफताब अहमद, कांग्रेस जिलाध्यक्ष नेत्रपाल अधाना, कांग्रेस के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता तरूण तेवतिया, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नितिश कटारिया, प्रदेश प्रवक्ता सुमित गौड, तिगांव विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी रोहित नागर, बल्लभगढ़ की पूर्व प्रत्याशी श्रीमती पराग शर्मा, नितिन सिंगला के अलावा भाजपा की ओर से केन्द्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, हरियाणा के राजस्व एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर, खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम, उत्तर प्रदेश सरकार केबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, होडल विधायक हरेन्द्र रामरतन, पलवल के पूर्व विधायक एवं मुख्यमंत्री के पूर्व राजनैतिक सलाहकार दीपक मंगला, भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला ने भाग लिया वहीं इनैलो की ओर से इनैलो सुप्रीमो चौधरी अभय सिंह चौटाला, जिलाध्यक्ष महेन्द्र चौहान मुख्यरूप से मौजूद रहे इसके अलावा पूर्व मंत्री रंजीत सिंह चौटाला व आप पार्टी जिलाध्यक्ष चन्द्रशेखर, जजपा नेता सुखराम डागर के अलावा 52 पालों के अध्यक्ष अरूण जेलदार, जय नारायण चौहान पाल पंच आदि के अलावा विभिन्न राजनैततिक पार्टियों के नेता व समाजिक नेता व आयोजक और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वेद मंत्रोच्चारण और हवन यज्ञ के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ वेद मंत्रोच्चारण और हवन यज्ञ के साथ हुआ, जिसके पश्चात भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति ने वातावरण को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया। वहीं आयोजन समिति ने आए हुए सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया तथा समाज में इसी प्रकार प्रेम, एकता और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया। वहीं कार्यक्रम में महिलाओं ने मंगल गान व लोकगीत गाकर अपनी संस्कृति को प्रस्तुत किया वहीं ढोल-नगाडों की थाप पर जमकर झूमे।
रणनीति के कुशल और भारतीय मूल्यों के ध्वजवाहक थे पृथ्वीराज चौहान: भूपेन्द्र हुड्डा
इस मौके पर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने अपने संबोधन में सम्राट पृथ्वीराज को स्वाभिमान का सूरज बताते हुए कहा कि उनकी वीरता आज भी युवाओं को प्रेरित करती है। सम्राट पृथ्वीराज चौहान ने तराइन के प्रथम युद्ध में मुहम्मद गोरी को परास्त कर अपने शौर्य का परचम लहराया। वो छह भाषाओं के विद्वान, रणनीति के कुशल और भारतीय मूल्यों के ध्वजवाहक थे। पृथ्वीराज रासो में उनकी वीरता और प्रेम की गाथा आज भी हर हिंदुस्तानी को गौरवान्वित करती है। विदेशी आक्रमणों के खिलाफ अटल खड़े होकर उन्होंने देश के गौरव को अमर बनाया। श्री हुड्डा ने पलवल और 52 पालों के भाईचारे की सराहना करते हुए इसे सामाजिक एकता का प्रतीक बताया। उन्होंने कार्यक्रम में हजारों की तादाद में मौजूद तमाम लोगों और आयोजकों को इस भव्य आयोजन के लिए बधाई दी। साथ ही कहा कि अपने महापुरुषों को स्मरण करने की यह परंपरा बेहद आवश्यक है, ताकि आने वाली तमाम पीढय़िों को भी पृथ्वीराज जैसे महान शासकों के प्रेरणा मिलती रही।
धार्मिक व सामाजिक आयोजन समाज को एकता और आपसी भाईचारे के सूत्र में बांधने का करते हैं कार्य: कृष्णपाल गुर्जर
वहीं केन्द्रीय राज्यमंत्री कृप्णपाल गुर्जर ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक व सामाजिक आयोजन समाज को एकता और आपसी भाईचारे के सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि सेवा भावना और सामूहिक सहयोग ही हमारे भारतीय संस्कारों की पहचान है। उन्होंने कहा कि भंडारा केवल भोजन वितरण का माध्यम नहीं, बल्कि यह प्रेम, करुणा और सामाजिक एकता की परंपरा को आगे बढ़ाने का एक अद्भुत प्रयास है। जब सभी वर्ग और समुदाय एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण करते हैं, तो यह सामाजिक समानता और आपसी सम्मान का प्रतीक बन जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार महापुरुषों के विचारों, स्मारकों और स्थलों को सहेजने के लिए संकल्पबद्ध है, जिसके लिए सरकार की ओर से संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना चलाई हुई है। उन्होंने सभी को आगामी पंच पर्व की भी शुभकामनाएं दी।
मुख्यमंत्री का संदेश लेकर हेलिकॉप्टर से पहुंचे प्रदेश के 3 मंत्री
वहीं हरियाणा सरकार में तीन मंत्रियों का समूह हरियाणा के राजस्व एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर, खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम एक साथ हैलिकापटर से इस समारोह में पहुंचे और ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का संदेश पढ़ते हुए कहा कि आज के युग में ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मकता और आध्यात्मिकता का संदेश लेकर आते हैं। सेवा और सहयोग के माध्यम से ही मानवता का वास्तविक कल्याण संभव है। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए समस्त चौहान पाल का धन्यवाद भी व्यक्त किया।


