देशपाल सौरोत की रिपोर्ट
फरीदाबाद। हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता नीरज गुप्ता ने सांसद राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता खत्म करने की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र पर कुठाराघात बताया है। गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार राहुल गांधी को अकेला समझने की भूल न करें। राहुल गांधी पूरे देश की आवाज हैं और कांग्रेस ही नहीं, बल्कि पूरा देश उनके साथ खड़ा हैं।
शनिवार को यहां जारी प्रेस बयान में कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता नीरज गुप्ता ने कहा कि राहुल गांधी सदैव सत्य के साथ खड़े रहे हैं और उन्होंने सत्य की लड़ाई लड़ी है। राहुल गांधी की सच्चाई के लिए यह लड़ाई न रुकी है और न रुकेगी। उन्होंने कहा कि आज भाजपा सरकार के कुशासन में देश बड़ी चुनौतियों का सामना कर रहा है। भाजपा सरकार द्वारा देश के संविधान पर सुनियोजित तरीके से हमले किए जा रहे हैं, देश के लोकतंत्र को कुचलने की साजिशें रची जा रही हैं, संस्थाओं को सुनियोजित तरीके से कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
बीते नौ वर्षों में भाजपा सरकार के दमनकारी शासनकाल में राहुल गांधी ने जनता की आवाज को जिस प्रखरता से उठाया है: नीरज गुप्ता
हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता नीरज गुप्ता ने कहा कि बीते नौ वर्षों में भाजपा सरकार के दमनकारी शासनकाल में राहुल गांधी ने जनता की आवाज को जिस प्रखरता से उठाया है, वो अविस्मरणीय है। राहुल गांधी ने सदैव निर्भीकता से शोषित, वंचित वर्ग के हकों की लड़ाई लड़ी है और सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मजबूती से आवाज बुलंद की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता राहुल गांधी की आवाज बनकर इस गूंगी बहरी सरकार का घमण्ड तोडऩे का काम करेगा।