
फोटो-पृथला के विधायक रघुबीर तेवतिया दिल्ली में सांसद दीपेन्द्र हुड्डा को बधाई देते हुए।
पृथला विधायक रझाुबीर तेवतिया बोले: हुड्डा और नरेन्द्र की जोडी अब नई ऊर्जा केे साथ उतरेगी हरियाणा के रण में, भाजपा का होगा सूपडा साफ..
ब्यूरो रिपोर्ट/देशपाल सौरोत
पृथला, 4 अक्तूबर। पृथला के विधायक एवं हरियाणा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता चौधरी रघुबीर सिंह तेवतिया ने पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा को इस सदी का महान जन-नेता की संज्ञा देते हुए उन्हें फिर से हरियाणा विधानसभा में नेता- प्रतिपक्ष बनाए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पार्टी हाईकमान के निर्णय को सराहा है। उन्होंने कहा कि देर से लिया गया यह निर्णय पूरी तरह से सही और सटीक है, क्योंकि आज हरियाणा में किसी भी राजनैतिक पार्टी में श्री हुड्डा के कद के जनाधार वाला बडा नेता नहीं है, जिसके एक आह्वान पर प्रदेश की जनता सांसद एवं विधायकों को चुनकर भेजती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि चुनाव में हार-जीत चलती रहती है लेकिन जनता के दिलों पर राज करने वाला ही सही मायनों में असल जन-नेता होता है और हरियाणा की जनता के दिलों में भूपेन्द्र हुड्डा वास करते हैं। उन्होंने कहा कि भले ही 2024 में मात्र आधा प्रतिशत मतों की कमी से कांग्रेस सरकार नहीं बना पाई लेकिन 2029 में प्रदेश की जनता उन्हें फिर से हरियाणा की गद्दी सोंपेगी। उन्होंने पूर्व मंत्री राव नरेन्द्र सिंह को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष बनाए जाने पर भी पार्टी हाईकमान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हुड्डा और राव नरेन्द्र की जोडी अब नई ऊर्जा केे साथ हरियाणा में उतरेगी और विधानसभा-सत्र के अंदर और बाहर जनता के मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा जाएगा। उन्होंने कहा कि हाईकमान के फैसले से प्रदेश में पार्टी को मजबूती मिलेगी और आने वाले चुनाव में कांग्रेस बड़ी कामयाबी हासिल करेगी। क्योंकि दोनों ही नेता बेहद ही मेहनती, कर्मठ और जमीन से जुड़े हए हैं उनके परिश्रम से पार्टी संगठन मजबूत होगा।
पूर्व प्रदेशाध्यक्ष उदयभान के कार्यकाल को भी सराहा
विधायक रघुबीर तेवतिया ने इसके साथ ही कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान के साडे तीन साल के कार्यकाल की भी सराहना करते हुए कहा कि उनका कार्यकाल कांग्रेस की मजबूती के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने अपने कार्यकाल में दलितों के साथ-साथ हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य किया। जिससे लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों में कांग्रेस का मत प्रतिशत भी बढ़ा। श्री तेवतिया श्री हुड्डा को नेता-प्रतिपक्ष बनाए जाने पर अपने समर्थकों के साथ उन्हें बधाई देने दिल्ली पहुंचे थे। उनके साथ हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता तरूण तेवतिया भी मुख्यरूप से मौजूद थे। उन्होंने सांसद दीपेन्द्र हुड्डा को भी बधाई दी और भविष्य में किए जाने वाले सघर्ष में पूर्णरूप से सर्मथन देने का आश्वासन दिया।
अपने पिता-दादा के पदचिन्हों पर चलते हुए दीपेन्द्र हुड्डा ने भी लोगों के दिलों में बनाई विशेष जगह
विधायक रघुबीर तेवतिया ने श्री हुड्डा पर कटाक्ष करने वाले नेताओं को आडे हाथों लेते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा स्वतंत्रता परिवार से संबंध रखते हैं, देश की आजादी में उनके परिवार के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता और उनकी रंगों में देशभक्ति व कांग्रेस का लहू बहता है। उनके पिता और दादा भी कांग्रेस के बडे नेता रहे हैं। पिता स्व. चौधरी रणबीर सिंह हुड्डा भारत के एक महान स्वतन्त्रता सेनानी के साथ-साथ भारतीय संविधान सभा एवं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सदस्य के साथ अविभाजित पंजाब और फिर हरियाणा सरकार में केबिनेट मंत्री रहे तथा लोकसभा एवं राज्यसभा दोनों सदनों के सदस्य रहकर हरियाणा के हितार्थ कार्य किए हैं वहीं उनके दादा चौधरी मातुराम आर्य समाज के बडे नेता एवं स्वतंत्रता आंदोलन में बडी भूमिका रही है। उन्हीं के आदर्शों पर चलते हुए श्री हुड्डा ने प्रदेश का मुख्यमंत्री रहते हरियाणा को देश में नंबर वन राज्य बनाने का कार्य किया। वहीं अपने पिता और दादा के पद्चिन्हों पर चलते हुए सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने भी अपने सघंर्ष और जनसेवा के रास्ते पर चलते हुए हरियाणा के लोगों के दिलों में विशेष जगह बनाई है और आज हरियाणा में चहुं ओर दीपेन्द्र हुड्डा की व्यवहारकुशलता का जिक्र होता है।
जनता के हकों की लडाई के लिए कांग्रेस दिखाई देगी सडकों पर
पृथला के कांग्रेस विधायक रघुबीर तेवतिया ने भाजपा को झूठ व जम्लों की पार्टी की संज्ञा देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी सही मायनों में गरीब, पिछड़े, दलित, किसान, युवा, महिलाओं, बेरोजगारों, व्यापारियों के हक की लड़ाई लड़ रही है, जबकि सत्तारूढ़ भाजपा लोगों के समक्ष झूठे जुम्ले फेंक, धर्म, जाति वर्ग की भावनाओं से खेल रही है। इसलिए अब वक्त है जनता के समक्ष इनके चाल-चरित्र को दो मुंही चेहरों की उजागर करने का और इस कार्य को केवल कांग्रेस पार्टी ही कर सकती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को उनका हक और न्याय मिलने तक कांग्रेस ने संघर्ष का बिगुल फूंक दिया है, जिसके चलते अब प्रदेश में कांग्रेसी सडक़ों पर जनता के हकों की लडाई लडती दिखाई दे रही है।


फोटो-चौधरी भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, नेता-प्रतिपक्ष हरियाणा विधानसभा।