फोटो-फरीदाबाद में सदभाव यात्रा निकालते पूर्व केन्द्रीय मंत्री बीरेन्द्र सिंह, महिला कांग्रेस पलवल की अध्यक्ष सविता चौधरी व अन्य।
फरीदाबाद के बल्लभगढ़ विधानसभा में सद्भाव यात्रा को मिला अपार जनसमर्थन
देशपाल सौरोत/ ब्यूरो रिपोर्ट
फरीदाबाद, 11 जनवरी। कांग्रेस नेता एवं पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सद्भाव यात्रा ने अपने 99वें दिन फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश किया। यात्रा के दौरान क्षेत्रवासियों ने उत्साह, अपनत्व और अभूतपूर्व जनभागीदारी के साथ इसका भव्य स्वागत किया। इस दौरान युवाओं, महिलाओं, किसानों, सामाजिक संगठनों और ग्रामीण समुदाय की बड़ी भागीदारी ने यह स्पष्ट कर दिया कि सद्भाव यात्रा अब हरियाणा में सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त करने वाला एक प्रभावी जनआंदोलन बन चुकी है। रविवार को यात्रा शुरू करने से पहले बृजेंद्र सिंह ने जिला कांग्रेस द्वारा आयोजित मनरेगा के स्वरूम में बदलाव के विरोध में उपवास पर बैठे जिला कांग्रेस अध्यक्ष को अपना समर्थन दिया।
कहां-कहां से गुजरी सदभाव यात्रा
आज की यात्रा की शुरुआत अनाज मंडी बल्लभगढ़ से हुई। इसके पश्चात यात्रा किसान भवन, विष्णु-सुभाष कॉलोनी, लाल कोठी, बालाजी स्कूल रोड, मधु वाटिका, गुप्ता होटल, महाराज अग्रसेन चौक, डॉ. बी.आर. अंबेडकर चौक, बस अड्डा मार्केट, अग्रवाल धर्मशाला, 100 फुटा रोड (चावला कॉलोनी), बोहरा पब्लिक स्कूल होते हुए जाट धर्मशाला, सेक्टर-3, बल्लभगढ़ पहुंची।
यात्रा में ये रहे मुख्यरूप से मौजूद
इस मौके पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री चौधरी बीरेन्द्र सिंह, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुधा भारद्वाज, वरिष्ठ महिला नेता रेनू चौहान पलवल की महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सविता चौधरी, फरीदाबाद की महिला जिलाध्यक्ष सुनीता फगना, जींद जिला महिला अध्यक्ष लाजवंती ढिल्लों, प्रियंका मनोज अग्रवाल, श्रीमती सोनू चौधरी, एडवोकेट दलबीर सिंह, चांद सिंह, विनोद कौशिक, मनोज अग्रवाल, किसान नेता महेंद्र चौहान, वेद प्रकाश यादव, मुकेश डागर, सूरज मान, विकास फगना, चन्नू राजपूत, दीपक चौधरी, साक्षी चौधरी, राष्ट्रीय महिला कांग्रेस की सचिव दीपिका यादव, नूंह महिला कांग्रेस अध्यक्ष रजिया बानो, सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
फरीदाबाद में सदभाव यात्रा को मिल रहा अपार समर्थन: बृजेन्द्र सिंह
जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने कहा कि सद्भाव यात्रा को हर विधानसभा क्षेत्र में जनता का अपार स्नेह और समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों और योजनाओं की वजह से ही फरीदाबाद में मेट्रो और सडक़ों की कनेक्टिविटी जैसे बड़े विकास कार्य संभव हो पाए। बीजेपी सरकार कांग्रेस के कार्यकाल में शुरू हुए कार्यों का केवल उद्घाटन करने का काम कर रही है। श्री सिंह ने कहा कि फरीदाबाद मेट्रो परियोजना कांग्रेस सरकार की देन है, जबकि बीजेपी के कार्यकाल में यह परियोजना आगे नहीं बढ़ी। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सिर्फ नाम बदलने की राजनीति में माहिर है। उन्होंने मनरेगा पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने न सिर्फ योजना का नाम बदला, बल्कि उसके स्वरूप में बदलाव कर उसकी आत्मा को ही खत्म करने का काम किया है। राज्यों पर 40 प्रतिशत तक का वित्तीय बोझ डालकर इस योजना को धीरे-धीरे समाप्त करने की साजिश रची जा रही है। फरीदाबाद के विकास पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि पिछले लगभग दस वर्षों से बंद पड़ा नाहर सिंह स्टेडियम बीजेपी सरकार की विकास विरोधी सोच का सबसे बड़ा उदाहरण है।
सदभाव यात्रा से कांग्रेस को मिलेगी मजबूती: बलजीत कौशिक
इस मौके पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक ने अपने संबोधन में कहा कि सदभाव यात्रा को लेकर फरीदाबाद जिले के लोगों में खासा जोश और उत्साह दिखाई दे रहा है। जहां से भी यात्रा गुजर रही है लोगों द्वारा असीप प्यार और स्नेह उमड रहा है क्योंकि लोग भाजपा के कुशासन से दुखी व परेशान हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा जिले में कांग्रेस को मजबूती प्रदान करेगी।

