देशपाल सौरोत की रिपोर्ट
फरीदाबाद, 18 जून। कांग्रेस की वरिष्ठ महिला नेत्री जया शर्मा को फरीदाबाद महिला कांग्रेस का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति हरियाणा महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती सुधा भारद्वाज द्वारा की गई है। उनकी नियुक्ति से जिले की महिलाओं में हर्ष का माहौल है। उन्हें जहां बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है वहीं जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित कर नवनियुक्त महिला जिलाध्यक्ष जया शर्मा का फूल मालाओं व बुक्के देकर जोरदार स्वागत किया और उन्हें आगे बढने के लिए प्रोत्साहन देने का भरोसा दिलाया।
नियुक्ति पर जताया आभार
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष जया शर्मा ने अपनी नियुक्ति पर कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष नीता डिसूजा, हरियाणा प्रभारी ओनिका महरौत्रा व प्रदेशाध्यक्ष सुधा भारद्वाज सहित कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपीं गई है, उसे वह पूरी निष्ठा व ईमानदारी से निभाएंगी और जिले में महिला संगठन को मजबूत करते हुए मेहनतकश कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोडने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद जिला में लडने वाली सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में वह जल्द ही दौरा करके महिला कांग्रेस संगठन खड़ा करेंगी, जिसमें मेहनतकश और कर्मठ महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शामिल किया जाएगा वहीं जल्द ही जिले की नई महिला कार्यकारिणी भी गठित की जाएगी।
भाजपा सरकार से त्रस्त है जनता: जया शर्मा
महिला कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जया शर्मा ने कहा कि आज केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से जनता त्रस्त आ चुकी है, खासकर महंगाई और भ्रष्टाचार ने लोगों का जीना दुश्वार कर दिया है, महिला कांग्रेस जल्द ही सडकों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करके भाजपा सरकार का असली चेहरा जनता के समक्ष उजागर करने का काम करेगी।