
फोटो- चंडीगढ़ स्थित हरियाणा विधानसभा में बडखल क्षेत्र के विकास का मुद्छा उठाते हुए विधायक सीमा त्रिखा।
विधानसभा में रक्षाबंधन पर मंत्री ने सरकार की ओर से दिया आश्वासन, ग्रीनफील्ड कॉलोनी में नहीं रहने देंगे विकास की कमी
देशपाल सौरोत की रिपोर्ट
चंडीगढ़/फरीदाबाद। फरीदाबाद के बडखल विधानसभा क्षेत्र की विधायक सीमा त्रिखा अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास और समस्याओं के निराकरण के लिए कोई भी अवसर नहीं गवांती। उन्होंने हमेशा मुख्यमंत्री मनोहरलाल के समक्ष बडखल क्षेत्र के विकास को ही प्रमुखता से तरजीह दी है। ऐसा ही नजारा चंडीगढ़ में चल रहे हरियाणा विधानसभा के चालू सत्र में भी देखने को मिला जहां सदन में विधायक सीमा त्रिखा ने रक्षाबंधन पर्व का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री और संबंधित मंत्री से रक्षा राखी के बदले उपहार में बडखल क्षेत्र की ग्रीनफील्ड कॉलोनी का विकास ही मांग लिया। विधायक सीमा त्रिखा ने क्षेत्र की ग्रीनफील्ड कॉलोनी के विकास को लेकर विधानसभा के चालू सत्र में मजबूती से आवाज उठाई है। विधायक सीमा त्रिखा ने विधानसभा अध्यक्ष के माध्यम से मुख्यमंत्री मनोहरलाल व स्थानीय स्वशासन मंत्री कमल गुप्ता का ध्यान ग्रीन फील्ड कॉलोनी को नगर निगम में स्थानांतरित करने की ओर दिलाते हुए बुलंद आवाज में कहा कि ग्रीनफील्ड कॉलोनी को नगर निगम में स्थानांतरित किया जाए, ताकि यहां सडक आदि दूसरी सभी सुविधाएं मिल सकें। विधायक श्रीमती त्रिखा की मांग पर स्थानीय स्वशासन मंत्री कमल गुप्ता ने कहा कि इस कॉलोनी का मामला अदालत में विचाराधीन है ,इसलिए सरकार यहां विकास पर खर्च नहीं कर सकती। मंत्री का जवाब सुन बडखल की विधायक सीमा त्रिखा ने कहा कि क्या किसी अदालत ने दो पार्टियों के मामले में ऐसा आदेश सरकार को दिया है कि वहां किसी प्रकार का विकास वहां की जनता के लिए नहीं किया जाना चाहिये। यदि ऐसा आदेश अदालत ने नहीं दिया दिया तो वहां की जनता परेशानी क्यों भुगते। जबकि इस कॉलोनी को नगर निगम को स्थानांतरित करने के लिए सीएम मनोहरलाल जी भी कह चुके हैं और सदन में सीएम का धन्यवाद् भी किया गया था।
विधायक सीमा त्रिखा ने सदन में अनूठे तरीके से मांगा ग्रीनफील्ड कॉलोनी का विकास
बडखल की विधायक श्रीमती सीमा त्रिखा ने जनता का दर्द ब्यान करते हुए कहा कि वैसे तो समय को कभी कोई बांट नहीं पाया, लेकिन ये समय रक्षाबंधन का है और मैं एक बहन के नाते मंत्री जी से इस कॉलोनी के विकास की बात उठा रही हूँ और आशा करती हूँ कि मंत्री बहन को सरकारी आश्वासन देंगे। उनकी इस बात पर स्वशासन मंत्री कमल गुप्ता ने हरियाणा सरकार की ओर से कहा कि वह बहन सीमा त्रिखा का आदर करते हैं और पूरा आश्वासन देते हैं कि ग्रीनफील्ड कॉलोनी की सडक और विकास अवश्य किया जायेगा।