
फोटो-‘संविधान सम्मान’ समारोह को संबोधित करते सांसद राजकुमार चाहर व साथ हैं जिला परिषद वाईस चेयरमैन धर्म चौधरी।
देशपाल सौरोत की रिपोर्ट
पलवल, 23 अप्रैल। भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत देश को वर्ष 2047 तक विकसित बनाने के संकल्प को लेकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे देश व प्रदेश को विकसित बनाने और आगे बढ़ाने के लिए अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को निभाएं। वर्तमान सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चहुंमुखी विकास करने के साथ-साथ देश के महापुरुषों को पूरा-मान सम्मान दे रही है। यही कारण है कि सरकार ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के जन्म स्थान से लेकर उनके शिक्षा ग्रहण स्थल, देहांत स्थल और उनके अंतिम संस्कार स्थल सहित अन्य सभी जगह उनके स्मारण बनाकर पंचतीर्थ बनाने का कार्य किया है। देश को विकसित बनाने में सभी लोगों को अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लेना चाहिए। भाजपा सांसद राजकुमार चाहर पलवल के गांव कुशक में आयोजित ‘संविधान सम्मान’ समारोह को बतौर मुख्यअतिथि संबोधित कर रहे थे। पलवल आगमन पर भाजपा के राष्ट्रीय नेता का जहां पगडी बांधकर जोरदार स्वागत किया गया वहीं उन्हें सम्मान रूपी शॉल पहनाकर स्वागत भी किया गया।
ये भी रहे मुख्यरूप से मौजूद
उनके साथ जिला परिषद फरीदाबाद के वाईस चेयरमैन धर्म चौधरी, लोक सेवा आयोग के पूर्व सदस्य एवं भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. हरेंद्रपाल राणा, पूर्व जिलाध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया, जिला महामंत्री वीरपाल दीक्षित, ग्राम की सरपंच प्रियंका सहित काफी संख्या में भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके किया गया।
संविधान से ही सभी नागरिकों के अधिकार संरक्षित: राजकुमार चाहर
भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि भाजपा ही सही मायनों में किसानों की हितैषी पार्टी है। केन्द्र एवं राज्य सरकार किसानों के हितार्थ अनेकों योजनाओं को अम्लीजामा पहनाया गया है जबकि कांग्रेस राज में किसानों की जमीनों को कौडियों के भाव में लूटा गया है। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान हमारे अधिकारों की रक्षा करता है। देश के प्रत्येक नागरिक को समानता का अधिकार देता है। संविधान से ही सभी नागरिकों के अधिकार संरक्षित है। यह अधिकार हमें कर्तव्यबोध भी करवाते हैं। इसलिए देश के प्रत्येक नागरिक को अपने संविधान के प्रति सच्ची निष्ठा और श्रद्धा रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान एक लिखित दस्तावेज है, जो सरकार और उसके संगठनों के मौलिक बुनियादी संहिता, संरचना, प्रक्रियाओं, शक्तियों और कर्तव्यों और नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों का निर्धारण करने वाले ढांचे को निर्धारित करता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को विश्व गुरु बनाने के स्वप्न को साकार करने युवा: धर्म चौधरी
जिला परिषद फरीदाबाद के वाईस चेयरमैन धर्म चौधरी ने अपने संबोधन में युवाओं से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को विश्व गुरु बनाने के स्वप्न को साकार करने के लिए संविधान को अपनाते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान प्रदान करें। उन्होंने कहा कि विश्व के अन्य लोग भी हमारे यहां अध्ययन करने आते हैं कि संविधान के रास्ते पर इतना बड़ा लोकतांत्रिक देश किस तरह चल रहा है। संविधान लोकतंत्र का रक्षक है जो कि देश और समाज का मूलाधार है। सरकार की ओर से देश के कोने-कोने में संविधान को युवाओं तक पहुंचाने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित करवाए हैं, ताकि युवाओं को संविधान की जानकारी मिल सके। आने वाली पीढ़ी को संविधान की जानकारी देने के लिए यह अच्छा प्रयास है।
ग्रामीणों ने रखीं मांग
इस मौके पर ग्रामीणों ने नहर पर पुलिया बनवाने की मांग रखी, जिस पर सांसद फतेहपुर सीकरी राजकुमार चाहर ने जल्द कार्य करवाने का आश्वासन दिया।