
हरियाणा कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता सुमित गौड का फोटो।
मजबूत विपक्ष की भूमिका निभा रहे हैं सुमित गौड
देशपाल सौरोत
फरीदाबाद, 3 अप्रैल। कहते हैं कडी मेहनत, सच्ची लगन व संघर्ष के बूते पर कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। जीं हां यह कहावत हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता सुमित गौड पर पूरी तरह से सटीक बैठती नजर आ रही है। सुमित गौड ने अपने संघर्ष के बलबूते पर ही राजनीति में बडा मुकाम हासिल किया है। फरीदाबाद विधानसभा के लोग आज उन्हें कांग्रेस पार्टी के अगले विधायक के रूप में भी देख रहे हैं। फरीदाबाद ही नहीं बल्कि समूचे प्रदेश में सत्तापक्ष की खामियों को सुलझे हुए अंदाज में उठाकर जमीनी नेता के साथ-साथ कांग्रेस पार्टी के निष्ठावान एवं बुद्धिवान प्रवक्ता के रूप में अपनी अलग पहचान कायम की है। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा भाजपा सरकार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सुमित गौड ने एक मजबूत व सुलझे हुए कांग्रेस के सारथी केे तौर पर उनके एक सच्चे सेवक की तरह कार्य कर पूरी वफादारी से साथ देकर एक सच्चे कांग्रेसी का प्रमाण दिया है। फरीदाबाद के साथ-साथ हरियाणा में कहीं भी बडा धरना-प्रदर्शन रहा हो, सुमित गौड ने हजारों की संख्या में अपने समर्थकों के साथ भाग लेकर एक जनाधार वाले नेता की छवि प्रस्तुत की है यही कारण है कि हरियाणा में कांग्रेस पार्टी द्वारा जारी की गई अपनी पहली प्रदेश स्तरीय लिस्ट में सुमित गौड को हरियाणा स्तर पर प्रदेश प्रवक्ता जैसे बडे पद से नवाजा गया है। वहीं उन्हें एक अच्छे संगठनकर्ता के रूप में भी देखा जा रहा है। प्रदेश में कांग्रेस संगठन के गठन की चल रही चर्चाओं के बीच मौजूदा प्रदेश प्रवक्ता सुमित गौड को फरीदाबाद के अगले जिलाध्यक्ष के रूप में भी देखा जा रहा है। सैकडों की ताताद में कांग्रेस से जुडे कार्यकर्ताओं ने सुमित गौड को जिलाध्यक्ष के लिए अपनी पहली पसंद के रूप में कांग्रेस पार्टी द्वारा नियुक्त जिला के पर्यवेक्षकों के समक्ष राय भी पेश कर चुके हैं। सूत्रों के अनुसार जिले के सभी 6 विधानसभा क्षेत्रों से जुडे पार्टी के ज्यादातर अनेकों वरिष्ठ नेताओं ने भी उनको अपनी पसंद माना है। अगर सुमित गौड कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बनते हैंं तो निश्चित तौर पर पार्टी को जिले में मजबूती मिलेगी क्योंकि सुमित गौड अपनी मजबूत इच्छाशक्ति व पार्टी के प्रति जूनून के सहारे पूरे फरीदाबाद में पार्टी के लिए धूंआधार प्रसार व प्रचार कर जिले में कांग्रेस को मजबूती प्रदान कर सकते हैं।
ऐसा कोई मौका नहीं जब सत्ता को नहीं घेरा हो
राजनैतिक तौर पर देखा जाए तो सुमित गौड ने जहां कांग्रेस पार्टी की ओर से लोगों से सीधे जुडकर पार्टी की जनहितैषी योजनाओं से लोगों को अवगत कराया वहीं भाजपा सरकार को शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार, किसान नीति, प्रदूषण, महिला सुरक्षा, भ्रष्टाचार, उद्योग, बढ़ते अपराध व विकास की कलई खोलते हुए सत्ता में बैठे मुख्यमंत्री, मंत्री-विधायकों को हर मोर्चा पर घेरने का कार्य किया है। हॉल ही में हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी विवेक बंसल के नेतृत्व में फरीदाबाद में किए गए विरोध प्रदर्शन में भारी संख्या में भीड जुटाकर अपने आपको कांग्रेस पार्टी में नए विकल्प के रूप में पेश किया जिसकी तारीफ वहां मौजूद लगभग सभी वरिष्ठ नेताओं ने अपने मुक्त कंठ से कर ईशारों-ईशारों में उन्हें फरीदाबाद के लिए विकल्प कहने से कोई गुरेज नहीं किया। इस प्रदर्शन में हजारों की संख्या में महिलाओं एवं युवाओं की संख्या भी देखने लायक रही। इसके अलावा फरीदाबाद में अपने समर्थकों के साथ समय-समय पर धरना-प्रदर्शन कर विपक्ष की आवाज बनने का कार्य किया है। वहीं भाजपा सरकार को सीधे तौर पर कटघरे में खडा कर कांग्रेस पार्टी को मजबूती प्रदान की है।
6 वर्ष के भाजपा शासनकाल में फरीदाबाद को मिले केवल जुम्ले
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सुमित गौड का कहना है कि भाजपा सरकार के 6 वर्ष के शासनकाल में हरियाणा की छवि देश ही नहीं बल्कि विदेशों तक धूमिल हुई है। लोगों को केवल झूठे वायदे व जुम्ले ही मिले हैं। फरीदाबाद का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपाई आए दिन स्मार्ट सिटी की बात तो करते है, लेकिन जमीनी स्तर पर रियलिटी चैक की गई तो वास्तव में फरीदाबाद को नरक सिटी में तब्दील कर दिया गया है। फरीदाबाद को स्वच्छ बनाने में लगे सफाई कर्मचारियों की रोजी रोटी को छीनने का काम किया जा रहा है, जबकि चाईना की ईको ग्रीन कंपनी को सफाई का ठेका दिया जाता है। ईको ग्रीन जमीनी स्तर पर कितना कार्य कर रही है, इस बात का प्रमाण फरीदाबाद में जगह-जगह लगे गंदगी के ढेर स्वत: ही बता रहे है। उन्होंने कहा कि अगर बात की जाए तो उद्योग की तो कभी औद्योगिक नगरी के रुप में जाने वाले फरीदाबाद में भाजपा सरकार में एक भी कोई बड़े उद्योग की मदर यूनिट स्थापित नहीं हुई है जबकि इसके विपरीत यहां स्थापित सैकड़ों उद्योग सरकार की नीतियों के विरोध में पलायन कर चुके है, जिससे युवाओं के समक्ष बेरोजगारी का संकट खड़ा हो गया है। युवाओं को रोजगार के सपने दिखाने वाली भाजपा सरकार में आज युवा ही सबसे ज्यादा बेरोजगारी के दलदल में फंसता जा रहा है, अगर यही हालात रहे तो लोगों के समक्ष भुखमरी जैसे हालात जैसे हो जाएंगे क्योंकि जीएसटी और नोटबंदी के बाद फरीदाबाद का व्यापारी पूरी तरह से बर्बाद हो चुका है।
मजबूत राजनैतिक घराने से संबंध रखते हैं सुमित गौड़
सुमित गौड प्रदेश में मजबूत राजनैतिक घराने से आते हैं। उनके नाना पंडित चिरंजी लाल शर्मा 5 बार सांसद रहे चुके हैं वहीं 2 बार विधायक और संयुक्त पंजाब-हरियाणा सरकार में केबिनेट मंत्री रहे चुके हैं तथा उनके मामा कुलदीप शर्मा जहां हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रह चुके हैं वहीं कांग्रेस सरकार में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष भी रह चुके हैं। सुमित गौड के पिता पंडित योगेश गौड भी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं। उनका पलवल व फरीदाबाद दोनों जिलों के ब्राह्मण के साथ-साथ हर वर्ग में गहरी पैंठ है।
कांग्रेस में विभिन्न पदों पर रहे हैं सुमित गौड
जिले में मजबूत संघर्षशील एवं झुजारू छवि के इमानदार नेता के रूप में विख्यात सुमित गौड कॉलेज समय से ही राजनीति में सक्रीय हैं। वह कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई के तीन बार जिलाध्यक्ष के अलावा युवा कांग्रेस फरीदाबाद केे जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं। इसके अलावा युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव का दायित्व भी निभा चुके हैं। वहीं पिछले पांच साल हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की जनरल बॉडी में प्रदेश सचिव तथा मौजूदा संगठन में कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता के पद पर विराजमान हैं।
फरीदाबाद विधानसभा से कांग्रेस की टिकिट पर चुनाव लडना चाहते हैं सुमित गौड
प्रदेश प्रवक्ता सुमित गौड फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी की टिकिट पर विधानसभा का चुनाव लडना चाहते हैं। उनका दावा है कि अगर पार्टी ने उन्हें मौका दिया तो वह यहां से विधायक बनकर फरीदाबाद को पुन: विकास की पटरी पर लाकर देश के नंबर-1 शहरों में शुमार करा देंगे।