भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं कार्यकर्ता: तेजस्वी सूर्या
भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष राहुल राणा केे नेतृत्व राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या का हरियाणा पहुंचने पर हुआ जोरदार स्वागत

देशपाल सौरोत
चंडीगढ़, 25 मार्च। भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद तेजस्वी सूर्या ने युवा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि केंद्र व हरियाणा की भाजपा सरकार द्वारा जनहित में चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं, जिससे हर जरूरतमंद व्यक्ति को सरकार की नीतियों का लाभ हो सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि सरकार की नीतियों का लाभ देश के अंतिम छोर में रह रहे व्यक्ति तक पहुंचे और इसी उद्देश्य को लेकर राज्यों की सरकारें भी कार्य कर रही है। तेजस्वी सूर्या आज हिमाचल जाते वक्त दिल्ली से चंडीगढ़ होते हुए पंचकुला से गुजरे, जहां भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष राहुल राणा के नेतृत्व में विभिन्न जिलों के युवा अध्यक्षों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान युवा भाजपा के कार्यकर्ताओं ने एक जुलूस के रूप में उनका स्वागत किया और उन्हें सोलन तक छोड़ा। इस मौके पर भाजपा युवा मोर्चा हरियाणा के प्रदेश मीडिया सह-प्रमुख रंजीत रॉय रॉवल सहित विभिन्न जिलों के अध्यक्ष व पदाधिकारीगण मौजूद थे।
कार्यकर्ता ही होते हैं संगठन की रीढ़:तेजस्वी
इस मौके पर भाजयुमो अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ होते है और संगठन को मजबूत करने में उनका अह्म किरदार होता है और भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता कर्मठ और मेहनती है, यही कारण है कि आज पार्टी केंद्र के साथ-साथ देश के विभिन्न राज्यों में सत्तासीन हो रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने और अपने-अपने जिलों में संगठन बढ़ाने के बारे में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
हरियाणा का युवा एक-एक कार्यकर्ता पार्टी के प्रति समर्पित:राहुल राणा
इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा हरियाणा के अध्यक्ष राहुण राणा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या का हरियाणा की धरा पर पधारने पर स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा युवा मोर्चा हरियाणा का एक-एक कार्यकर्ता पार्टी के प्रति समर्पित है और पूरी निष्ठा के साथ संगठन को मजबूत करने में जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि आने वाले नगर निगम व निकाय चुनावों में भी कार्यकर्ता पूरी तत्परता से कार्य करेगा और हरियाणा में फिर से भगवा लहराने का काम करेगा।

