
देशपाल सौरोत
फरीदाबाद/तिगांव, 27 मार्च। तिगांव अनाज मंडी में आज रविवार को होने वाली हरियाणा प्रगति रैली की सभी तैयारी पूरी हो गई हैं। हरियाणा प्रगति रैली के संयोजक एवं तिगांव के विधायक राजेश नागर ने प्रशासनिक अधिकारियों संग इस रैली की सभी तैयारियों का जायजा लिया। पार्किंग से लेकर रैली में आने वाले लोगों के बैठने के इंतजाम की समीक्षा की।
प्रगति रैली में तिगांव क्षेत्र की जनता करेगी मुख्यमंत्री मनोहरलाल का ऐतिहासिक स्वागत: राजेश नागर
इस दौरान विधायक राजेश नागर ने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहरलाल की प्रगति रैली को लेकर यहां के आमजन में उत्साह देखा जा रहा है। तिगांव विधानसभा क्षेत्र के गांव से लेकर सेक्टर व कॉलोनियों का दौरा कर लोगों को आमंत्रण दिया जा चुका है। लोग प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री मनोहरलाल की सौगातें स्वयं सुनने आ रहे हैं तथा तिगांव की ऐतिहासिक धरती पर तिगांव विधानसभा क्षेत्र की जनता द्वारा उनका ऐतिहासिक जोरदार स्वागत किया जाएगा।
तिगांव विधानसभा क्षेत्र के लिए यह रैली होगी बेहद खास साबित: राजेश नागर
विधायक राजेश नागर ने कहा कि तिगांव विधानसभा क्षेत्र के लिए यह रैली बेहद खास साबित होगी। उन्हें पूरी उम्मीद है कि मुख्यमंत्री बहुत सौगात देकर जाएंगे। ये सौगातें पूरे फरीदाबाद को नई दिशा और विकास की ओर ले जाएंगी। इसलिए रैली में अधिक से अधिक लोग पहुंचकर इस विकास की राह के गवाह बनें। उन्होंने कहा कि कोरोना काल की वजह से एक साल विकास कार्य कुछ प्रभावित रहे, लेकिन अब तेज गति से काम किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल का स्पष्ट संदेश है कि विकास कार्यों के ेलिए सरकार के पास धन की कमी नहीं है। उन्होंने जनहित में सभी विकास कार्यों को मंजूरी दी है और आगे भी दिल खोलकर पैसा देंगे।
विधायक राजेश नागर ने रैली की सफलता के लिए झोंकी ताकत
विधायक राजेश नागर ने रैली की सफलता के लिए अपनी पूरी ताकत लगा दी है। क्षेत्र का देहात इलाका हो या फिर सेक्टर व कॉलोनियां उन्होंने हर जगह जागर लोगों से रैली में आने का निमंत्रण दिया। इस दौरान लोगों ने जहां विधायक राजेश नागर को जोरदार स्वागत किया वहीं उन्हें रैली में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचने का आश्वासन भी दिया।
रैली संयोजक विधायक राजेश नागर ने रैली के देखे सभी इंतजाम
विधायक राजेश नागर ने अधिकारियों को कहा कि यहां आने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। लोग रैली स्थल तक आराम से पहुंच सकें और यहां बैठने के पूरे इंतजाम कर दिए गए हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से चर्चा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री रूट से लेकर रैली स्थल पर पूरे सुरक्षा इंतजाम होने चाहिए। विशेष रूप से पार्किंग के इंतजाम बेहतर होने चाहिए।
