
फोटो-पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते जजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सौरोत व साथ हैं किसान प्रकोष्ठ के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुखराम डागर, महिला जिलाध्यक्ष ललिता सिहाग व अन्य।
देशपाल सौरोत की रिपोर्ट
पलवल,24 मई। जननायक जनता पार्टी पलवल के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह सौरोत ने पार्टी में जिला स्तर पर सबसे बडे पद जिलाध्यक्ष के पद पर उनकी नियुक्ति पर पार्टी शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने जिस उम्मीद व विश्वास के साथ उन्हें ये बडी जिम्मेदारी दी है वह उसपर खरा उतरेंगे और पलवल जिले में पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका प्रमुख उद्देश्य पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों को जनता में पहुंचाकर ज्यादा से ज्यादा लोगों को संगठन से जोडने पर रहेगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही पार्टी का जिला स्तर पर संगठन का गठन कर विस्तार किया जाएगा। जजपा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सौरोत अपनी नियुक्ति के उपरांत बुधवार को यहां आयोजित अपने पहले पत्रकार सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
ये भी रहे मुख्यरूप से मौजूद
पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह सौरोत के साथ जजपा किसान प्रकोष्ठ के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष एवं शुगर मिल के पूर्व डायरेक्टर सुखराम डागर, युवा जिलाध्यक्ष बृजेश अटोंहा, युवा प्रदेश महासचिव प्रवीण डूडी, महिला जिलाध्यक्ष ललिता सिहाग व तुहीराम भारद्वाज आदि पार्टी नेता भी मुख्यरूप से मौजूद थे।
सच्चे राजनेता के साथ-साथ जबान के धनी व्यक्ति बन गए हैं दुष्यंत चौटाला: देवेन्द्र सौरोत
जजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सौरोन ने कहा कि उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला एक सच्चे राजनेता के साथ-साथ जबान के धनी व्यक्ति बन गए हैं। वह जो कहते हैं करके दिखाते हैं तथा हरियाणा ही नहीं देश के लोगों को उनमें देश के पूर्व उप-प्रधानमंत्री स्व. चौघरी देवीलाल की छवि दिखती है। मात्र दस विधायकों के सहारे उन्होंने पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र को पूरा कराने का भरसक प्रयास किए हैं तथा अपने वादे निरंतर पूरे कर रहे हैं। निजी नौकरियों में आरक्षण के अलावा पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 फीसद आरक्षण, गृह जिले में परीक्षा करवाने के अलावा फसलों का भुगतान सीधा किसानों के खाते में हो रहा है। इसके अलावा बीसीए वर्ग को आठ प्रतिशत आरक्षण देने सहित कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं जो हरियाणा में एक मिशाल बने हैं। जेजेपी के घोषणा पत्र में 5100 रूपए करने का वादा भी पूरा होने की ओर अग्रसर है।