
फोटो- कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सुमित गौड नाव पर बैठकर पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते हुए साथ हैं महिला जिलाध्यक्ष जया शर्मा व अन्य।
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुमित गौड़ व महिला जिलाध्यक्ष जया शर्मा पत्रकारों से बोली-जनसंवाद करने वाले भाजपाईयों की एक ही बरसात ने कर दी बोलती बंद
देशपाल सौरोत की रिपोर्ट
फरीदाबाद। मानसून की एक ही बरसात में स्मार्ट सिटी के विकास के दावों की पूरी तरह से पोल खुल गई। समूचे फरीदाबाद के सेक्टरों, कॉलोनियां व स्लम बस्तियों में कई-कई फुट पानी जमा होने से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। जलभराव से जूझ रहे लोगों को राहत देने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश प्रवक्ता सुमित गौड आगे आए हैं। आज उन्होंने महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष जया शर्मा के साथ सेक्टर-10 कांग्रेस भवन पर पत्रकार सम्मेलन का आयोजन कर फरीदाबाद के लोगों को सडकें पार करने के लिए नाव उपलब्ध कराने का भी ऐलान किया। उन्होंने इसके लिए अपने कार्यालय पर बाकायदा फ्लैक्स बोर्ड लगाकर गेट पर नाव खडी कर भाजपा सरकार पर व्यंग कसते हुए लिखा कि फरीदाबाद के लोग यहां से नाव किराए पर ले सकते हैं।
नाव पर बैठकर किया सांकेतिक प्रदर्शन
इस दौरान सुमित गौड ने नाव पर बैठकर ही पत्रकारों को संबोधित कर भाजपा की स्मार्ट सिटी पर जमकर हल्ला बोला। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार एक ही बारिश ने पूरी फरीदाबाद विधानसभा को जलमग्र कर दिया है, उससे स्पष्ट है कि अब लोगों को आने-जाने के लिए वाहन नहीं बल्कि नाव का इस्तेमाल करना पड़ेगा इसलिए उन्होंने यह नया काम शुरू किया है, ताकि भाजपा सरकार को सच्चाई का आइना दिखाया जा सके और जब एक बारिश में शहर की सडकों का यह हाल है तो आने वाली मानसून की अन्य बरसातों में हालात यहां बद से बदत्तर हो जाएंगे।
जलमगन हुई सडकों से परेशान फरीदाबादवासियों से भाजपाई करें जन-संवाद: सुमित गौड
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुमित गौड ने भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि अब कहां गए वह भाजपा के विधायक, मंत्री व सांसद जो, जनता से जनसंवाद कर रहे थे, आज लोगों को पीने का पानी नहीं मिल रहा लेकिन सडकों पर कई-कई फुट पानी जमा है, क्या यही भाजपा का विकास है? लोगों के घरों, कार्यालयों यहां तक की मंदिरों में भी गंदा पानी पहुंच गया है और प्रशासन द्वारा जलनिकासी के कोई इंतजामात नहीं किए गए है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल मंदिरों और धर्म के नाम पर राजनीति करती है, जबकि विकास के मामले में यहां केवल भ्रष्टाचार और महंगाई ही जनता को मिली है, जबकि बुनियादी सुविधाएं देने के मामले में सरकारी पूरी तरह से असफल साबित हुई है। श्री गौड़ ने फरीदाबाद के विधायक पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह प्रधानमंत्री के नौ सालों की उपलब्धियां गिनाते नहीं थक रहे, वह अपने विधायक कार्यकाल की एक उपलब्धि बताएं, आज उनकी विधानसभा की सडकें टूटी पड़ी है, कालोनियों में पानी नहीं है और एक ही बरसात में सडकें जलमग्र हो गई, उन्होंने क्या यही विकास करवाया है।
जल्द ही बड़ा धरना-प्रदर्शन कर सरकार को जगाएंगे नींद से: सुमित गौड
श्री गौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ वह पहले भी आवाज उठाते रहे और आगे भी उठाते रहेंगे और वह जल्द ही सरकार के खिलाफ एक बड़ा धरना-प्रदर्शन करके सरकार को नींद से जगाने का काम करेंगे।
सडकों पर भरा पानी बता रहा भाजपा के 9 साल का विकास: जया शर्मा
इस मौके पर महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष जया शर्मा ने कहा कि भाजपा के साल के क्या यही गौरवशाली विकास हैं। उन्होंने कहा कि भाजपाईयों की स्र्माट सिटी का आज बुरा हाल है। लोग सडक़ों पर पैदल तो दूर वाहनों से भी नहीं निकल सकते। फरीदाबाद की कॉलोनियों का तो बुरा हाल है ही साथ ही सैक्टरों का भी बुरा हाल है। उन्होंने कहा कि आज हर वर्ग त्राही-त्राही कर रहा है और भाजपाई गौरवशाली 9 साल बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता चुनाव के इंतजार में है और इस बार कांग्रेस की सरकार बनना निश्चित है।
ये भी रहे मुख्यरूप से मौजूद
इस मौके पर युवा समाजसेवी वरुण बंसल, बाबूलाल रवि, अनिल कुमार, ओमपाल शर्मा, कपिल बघेल, किशन कोहली, ललित सहित अनेकों कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।
