देशपाल सौरोत की रिपोर्ट
फरीदाबाद। समूचे हरियाणा प्रदेश में वरिष्ठ वैश्य नेता के रूप में जाना-जाने वाले फरीदाबाद के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता नीरज गुप्ता को हरियाणा कांग्रेस कमेटी का प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति की घोषणा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं हरियाणा के प्रभारी विवेक बंसल ने कांग्रेस आलाकमान की स्वीकृति के बाद की है। प्रदेश कांग्र्रेस में इस बडी नियक्ति का समाचार मिलते ही फरीदाबाद के वैश्य समाज में खुशी की लहर दौड गई है। आज फरीदाबाद स्थित उनके निवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया तथा उन्हें फूलों के बुक्के देकर व मिठाई खिलाकर बधाई देते हुए इसे कांग्रेस पार्टी का सही समय पर उठाया गया सही कदम बताया।
कांग्रेस पार्टी में अनेकों पदों पर रहे हैं नीरज गुप्ता
बता दें कि नीरज गुप्ता फरीदाबाद के पुराने वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हैं। वह पूर्व में जिला कांग्रेस के महासचिव, मीडिया प्रभारी व कांग्रेस की आईडिया सैल हरियाणा के प्रदेश महासचिव जैसे बडे पदों पर रह चुके हैं तथा पिछले दिनों उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में नीरज गुप्ता को कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं हरियाणा के प्रभारी विवेक बंसल के अलीगढ़ स्थित विधानसभा क्षेत्र का सह-प्रभारी भी नियुक्त किया गया था। कुशल संगठनकर्ता व राजनीति की मजबूत परख रखने वाले नीरज गुप्ता की जहां फरीदाबाद विधानसभा के साथ-साथ समूचे जिला फरीदाबाद में एक मजबूत पकड है वहीं समूचे हरियाणा प्रदेश में वैश्य समाज में गहरी पैंठ है।
नियुक्ति पर जताया आभार
अपनी नियुक्ति पर नव-नियुक्त प्रदेश प्रवक्ता नीरज गुप्ता ने कांग्रेस की अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी, सांसद राहुल गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस प्रभारी विवेक बंसल, प्रदेशाध्यक्ष उदयभान, सांसद दीपेंद्र हुड्डा व वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज सहित तमाम शीर्ष कांग्रेस नेताओं का आभार जताते हुए कहा कि जो जिम्मेदारी पार्टी ने उन्हें सौंपी है, उसे वह पूरी कर्त्तव्यनिष्ठा से निभाएंगे और कांग्रेस संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे।